12 से 14 जुलाई तक रांची में होगी प्रांत प्रचारक बैठक

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ    05-Jul-2024
Total Views |

Sunil Ji Ambekar
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ
अखिल भारतीय ‘प्रांत प्रचारक बैठक’
राँची, झारखंड - 12-14 जुलाई, 2024
 
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की प्रतिवर्ष होने वाली अखिल भारतीय स्तर की प्रांत प्रचारक बैठक इस वर्ष आगामी 12, 13 एवं 14 जुलाई 2024 को झारखंड प्रदेश की राजधानी रांची में आयोजित हो रही है। मई-जून में संपन्न संघ के प्रशिक्षण वर्गों की लगभग दो माह की श्रृंखला के पश्चात देशभर के सभी प्रांत प्रचारक इस बैठक में उपस्थित रहेंगे। संघ की संगठन योजना में कुल 46 प्रांत बनाए गए हैं।
 
बैठक में संघ के प्रशिक्षण वर्ग के वृत्तांत एवं समीक्षा, आगामी वर्ष की योजना का क्रियान्वयन, पूजनीय सरसंघचालक जी का वर्ष 2024-25 की प्रवास योजना जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही संघ शताब्दी वर्ष ( 2025-26) के आग्रह व उपक्रमों पर बैठक में विचार विनिमय होगा।
 
पूजनीय सरसंघचालक डॉ. मोहन जी भागवत, माननीय सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले जी, सभी सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्णगोपाल जी, सी आर मुकुंद जी, अरुण कुमार जी, रामदत्त जी, आलोक कुमार जी, अतुल लिमये जी सहित कार्यकारिणी के सदस्य बैठक में भाग लेने वाले हैं। बैठक हेतु पूजनीय सरसंघचालक जी का 8 जुलाई को राँची में आगमन होगा।
सुनील आंबेकर
अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख