
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ
अखिल भारतीय समन्वय बैठक
19-21 अगस्त 2026, गुडीलोवा, जिला विशाखापत्तनम, आंध्र प्रदेश
दिनांक - 10 अगस्त 2026
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रेरित विविध संगठनों की “अखिल भारतीय समन्वय बैठक” इस वर्ष युगाब्द 5128, विक्रम संवत् 2083 श्रावण शुक्ल सप्तमी, अष्टमी एवम् नवमी अर्थात दिनांक 19-21 अगस्त 2026 को गुडीलोवा, जिला विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) में आयोजित हो रही है। इस बैठक का आयोजन प्रतिवर्ष होता है।
इस बैठक में संघ प्रेरित कुल 32 संगठन के प्रमुख पदाधिकारी सहभागी होंगे, जिसमें संगठनों के अखिल भारतीय अध्यक्ष, महासचिव, संगठन मंत्री एवं कुछ चयनित पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। यह सभी संगठन गत कई वर्षों से सामाजिक जीवन में लगातार सक्रिय हैं। सार्वजनिक क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की समस्याओं के समाधान हेतु कार्य करते हुए राष्ट्र हित में लोक जागरण एवं व्यवस्था में आवश्यक सुधार तथा परिवर्तन के दूरगामी कार्य में तत्परता से जुटे हुए हैं।
बैठक में मुख्य रूप से सभी अपने-अपने कार्यों की जानकारी देते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर अपना अवलोकन तथा सुझाव प्रस्तुत करते हैं। सभी संगठनों के बीच परस्पर समन्वय और सहयोग को अधिक प्रभावी बनाने, जनकल्याण एवं नीतिगत विषयों पर संवाद आदि विषयों पर बैठक में चर्चा होगी। साथ ही जनसंख्या असंतुलन, नशा मुक्ति, युवाओं में जागृति, पंच परिवर्तन का क्रियान्वयन, विकास की भारतीय अवधारणा सहित वर्तमान परिस्थिति के विभिन्न विषयों पर बैठक में चर्चा अपेक्षित है।
बैठक में पूजनीय सरसंघचालक डॉ. मोहन जी भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले जी, सभी सह सरकार्यवाह तथा अखिल भारतीय कार्य विभाग प्रमुख उपस्थित रहेंगे। भारतीय मज़दूर संघ, भारतीय किसान संघ, भारतीय जनता पार्टी, विश्व हिन्दू परिषद, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, सक्षम, राष्ट्र सेविका समिति आदि कुल 32 संगठनों के प्रमुख कार्यकर्ता बैठक में सम्मिलित होंगे।
सुनील आंबेकर
अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ